PM Modi's Israel Visit l Heralding New Chapters In Global Polity

By - Amit kumaR Agarwal


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अपनी राजकीय यात्रा पर इजराइल पहुंचे। तेल अवीव हवाई अड्डे पर विशेष सम्मान के रूप में, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने खुद वहां पहुंचकर प्रधानमंत्री की अगवानी की और उनका औपचारिक स्वागत किया गया।

स्वागत कार्यक्रम के बाद, दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच एक संक्षिप्त व्यक्तिगत बैठक हुई। इसके बाद जब प्रधानमंत्री होटल पहुँचे, तो वहाँ मौजूद भारतीय प्रवासियों और यहूदी-भारतीय समुदाय के लोगों ने बड़े उत्साह के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी का अभिनंदन किया। इस मौके पर भारत और इजराइल के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी, जो दोनों देशों के गहरे रिश्तों का प्रतीक है।

ज्ञात हो, भारत और इजराइल के बीच एक सुदृढ़ एवं बहुआयामी सामरिक साझेदारी है, जिसमें हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति और मजबूती देखी गई है।

इस साझेदारी के ऊपर प्रधानमंत्री मोदी ने अपने प्रस्थान से पहले देश के नागरिकों को अपने सम्बोधन में कहा कि - विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, प्रौद्योगिकी, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश और दोनों देशों के लोगों के परस्‍पर संबंधों सहित, विभिन्न क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और सशक्त बनाने के उद्देश्य को लेकर प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ होने वाली अपनी चर्चाओं की मैं प्रतीक्षा कर रहा हूं। हम आपसी हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

इस यात्रा के दौरान मैं इजराइल के राष्ट्रपति श्री इसाक हर्जोग से भी मुलाकात करूंगा। मुझे इजराइली संसद ‘केनेस्सेट’ को संबोधित करने वाला प्रथम भारतीय प्रधानमंत्री बनने का भी सम्मान प्राप्त होगा। यह अवसर हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले सुदृढ़ संसदीय और लोकतांत्रिक संबंधों के प्रति एक सम्मान होगा।

मैं भारतीय प्रवासी समुदाय के उन सदस्यों के साथ संवाद करने की भी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहा हूं, जो लंबे समय से भारत-इजराइल की विशेष मित्रता को सुदृढ़ करते रहे हैं।

मुझे विश्वास है कि मेरा यह राजकीय दौरा दोनों देशों के बीच स्थायी संबंधों को और सुदृढ़ करेगा, सामरिक साझेदारी के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करेगा तथा एक सुदृढ़, नवोन्मेषी और समृद्ध भविष्य के लिए हमारे साझा विजन को आगे बढ़ाएगा।