By: Rani S
कंबोडिया व थाइलैंड पुलिस के साझा अभियान में एक स्कैम सेंटर में बंधक बनाए गए 48 भारतीयों समेत 215 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया। थाइलैंड के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि यह ऑनलाइन ठगी व धोखाधड़ी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे क्षेत्रीय अभियान का विस्तार था।
कंबोडिया के बांतेय मींचे प्रांत के सीमावर्ती शहर पोइपेट में रविवार को तीन मंजिला इमारत में छापेमारी की गई। थाइलैंड सरकार के प्रवक्ता जिरायु होंगसुब ने बताया कि स्कैम सेंटर में थाइलैंड के 109, पाकिस्तान के 50, भारत के 48, ताइवान के पांच व इंडोनेशिया के तीन नागरिकों को बंधक बनाकर काम कराया जा रहा था।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, अपराधी गिरोह हजारों लोगों को तस्करी के जरिये थाइलैंड, कंबोडिया व म्यांमार ले जाता है। इन देशों के स्कैम सेंटरों पर उनसे जबरन ऑनलाइन फर्जीवाड़ा कराया जाता है। ये लोग पूरे दक्षिण एशिया में ठगी व फर्जीवाड़े को अंजाम देते हैं। 2023 की यूएन रिपर्ट के अनुसार, अपराधी गिरोह ऑनलाइन फर्जीवाड़े के जरिये हर साल अरबों डॉलर की कमाई करता है।
अपराधी गिरोह तस्करी के जरिये इन को कंबोडिया के सीमावर्ती शहर ले आया था और बंधक बना लिया था। स्कैम सेंटर के जरिये पूरे दक्षिण एशिया में ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था।