By: Amit kumaR Agarwal
विश्व वर्ल्ड एथलेटिक्स महाद्वीपीय यात्रा: गुलवीर ने अमेरिका में बढ़ाया मान, अलीगढ़ आने पर होगा स्वागत
एशियन गेम्स के पदक विजेता धावक गुलवीर सिंह ने अमेरिका में तीन किमी दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। 7: 38.26 मिनट में दौड़ पूरी कर उन्होंने रजत पदक जीता है। भारत आने पर उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
अमेरिका के बोस्टन में विश्व वर्ल्ड एथलेटिक्स महाद्वीपीय यात्रा के तहत 15 फरवरी की रात में आयोजित तीन किमी दौड़ में रजत जीतकर गुलवीर ने अलीगढ़ जिले का नाम रोशन किया है।
यूपी एथलेटिक्स संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष शमशाद निसार आजमी ने बताया कि उनकी सफलता में ईश्वर के साथ उनके माता-पिता का आशीर्वाद और प्रशिक्षक यूनुस खान (सेना) की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि वे जब अलीगढ़ आएंगे, तो उनका अभिनंदन किया जाएगा।
छर्रा के गांव सिरसा के गुलवीर सिंह ने एशियन गेम्स में 28.17 मिनट में 10 हजार मीटर दौड़ पूरी कर कांस्य पदक जीता था। वह भारतीय सेना में हवलदार के पद पर तैनात हैं। वे अब तक प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 30 से ज्यादा पदक जीत चुके हैं।
उत्तर प्रदेश दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने पर उन्हें 75 लाख रुपये का चेक प्रदान किया था।