भारत-जापान के संयुक्त युद्धाभ्यास - 'धर्म गार्जियन' - का समापन

By: Rani S


भारतीय सेना ने एक बयान जारी कर, जानकारी दी की, भारत और जापान के बीच संयुक्त युद्धाभ्यास का सफलतापूर्वक समापन हो गया। धर्म गार्जियन नाम का यह संयुक्त युद्धाभ्यास भारत और जापान के बीच होता है। ये इस युद्धाभ्यास का छठा संस्करण था, जिसका आयोजन जापान के ईस्ट फुजी ट्रेनिंग एरिया में हुआ।

24 फरवरी से शुरू हुआ यह युद्धाभ्यास 9 मार्च तक चला। इससे भारत-जापान के रक्षा संबंध मजबूत होंगे। इस बार के आयोजन में सैनिकों की संख्या में बढ़ोतरी की गई। अभ्यास के दौरान, दोनों पक्षों के सैनिकों ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान गतिविधियों में भी भाग लिया। इसमें जापानी पक्ष के लिए भारतीय दल द्वारा आयोजित एक विशेष योग सत्र, भारतीय सैनिकों द्वारा कलारी पट्टू का प्रदर्शन और जापानी सैनिकों द्वारा जापानी मार्शल आर्ट का प्रदर्शन शामिल था।

संयुक्त युद्धाभ्यास के समापन समारोह में जापान ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेजीएसडीएफ) प्रथम डिवीजन के कमांडिंग जनरल लेफ्टिनेंट जनरल टोरिउमी सेजी शामिल हुए। उन्होंने युद्धाभ्यास में भाग लेने वाले सैनिकों की तारीफ की और कहा कि युद्धाभ्यास में सभी उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

भारत और जापान के बीच हुआ यह संयुक्त सैन्य अभ्यास मुख्य रूप से शहरी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों पर केंद्रित था। इसके अलावा, मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) सहित संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों से संबंधित गतिविधियों का भी पूर्वाभ्यास किया गया। इसमें दोनों देशों के सैनिकों के बीच विशेषज्ञता का आदान-प्रदान किया भी हुआ।