उरुग्वे: राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति के शपथ ग्रहण में पहुंचे पाबित्रा मार्गेरिटा

By: Aanya


उरुग्वे के राष्ट्रपति यामांडू ओरसी और उपराष्ट्रपति कैरोलिना कॉसे के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व, केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने किया। इस दौरान उन्होंने उरुग्वे की नई सरकार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं।

रविवार को हुए शपथ ग्रहण समारोह में मार्गेरिटा ने कहा कि वे भविष्य में दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए नई सरकार के साथ सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।

मार्गेरिटा ने एक्स पर एक पोस्ट भी लिखा जिसमें उरुग्वे की नई सरकार को भारत के प्रधानमंत्री की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। इस ऐतिहासिक अवसर पर उरुग्वे के लोगों को बधाई। भारत-उरुग्वे साझेदारी को और मजबूत करने के लिए नई सरकार के साथ सहयोग करने के लिए तत्पर हूं।

इससे पहले शनिवार को, मार्गेरिटा ने उरुग्वे में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और वहां भारतीय प्रवासियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस तरह से भारत-उरुग्वे संबंधों को मजबूत करने पर उन्हें गर्व है।

मार्गेरिटा ने मोंटेवीडियो में उरुग्वे के उद्योग, ऊर्जा और खनन मंत्री (नामित) फर्नांडा कार्डोना से भी मुलाकात की और आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा की।

बता दें केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मार्गेरिटा 28 फरवरी से 2 मार्च तक उरुग्वे, 2 से 4 मार्च तक बहामास, 4 से 6 मार्च तक बारबाडोस और 6 से 8 मार्च तक निकारागुआ की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।