ABVP का रांची में विधानसभा मार्च

By - Syed Hasan Zaidi

  • छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के आह्वान पर आज झारखंड बंद है
  • पुलिस ने छात्रों को हिरासत में लिया; हल्की झड़प
छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मंगलवार को रांची में विधानसभा मार्च निकाला।

बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता मार्च करते हुए पुराने विधानसभा परिसर के पास पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।

विधानसभा मार्च को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जैसे ही ABVP कार्यकर्ता पुराने विधानसभा के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच इस दौरान हल्की झड़प भी हुई। 

झारखंड में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा, सरकार सच्चाई को लाठी डंडो से छुपाना चाहती है। बच्चों की एक ही मांग है कि CBI जांच कराओ। जो दोषी होंगे पकड़े जाएंगे। जो दोषी नहीं होंगे वे छूट जाएंगे। सरकार अपनी हठ पर अड़ी है कि बच्चों की मांग को मानने के लिए तैयार नहीं है। बच्चों के आवाज को लाठी डंडे से दबाना चाहती है। लाठी डंडे से किसी की आवाज नहीं दबती है। आवाज और बढ़ेगी। आंदोलन झारखंड के गांव-गांव तक पहुंचेगा।

ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और पुलिस कार्रवाई की जांच कराने की मांग की।