22 भारतीय मछुआरों की रिहाई

By: Amit Kumar Agarwal


पाकिस्तान के कराची की मलीर जेल में बंद 22 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया गया है। एक स्थानीय समाचार-पत्र ने मलीर जेल अधीक्षक अरशद शाह का हवाला दिया, जिन्होंने मछुआरों की रिहाई के बारे में बताया कि मछुआरों को सजा पूरी होने के बाद शुक्रवार को रिहाई दी गई। 

एक जनवरी को दोनों देशों ने कैदियों की सूची का आदान-प्रदान किया था, जिसके अनुसार- पाकिस्तान में 266 भारतीय कैदी हैं, जिनमें 49 नागरिक कैदी और 217 मछुआरे थे। वहीं, भारतीय जेलों में कुछ 462 पाकिस्तानी कैदी बंद हैं, जिनमें 381 नागरिक कैदी और 81 मछुआरे हैं। 

बता दें कि पाकिस्तानी अधिकारी वाघा बॉर्डर के माध्यम से भारतीय मछुआरों को वापस भेजते हैं। जहां भारतीय अधिकारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनकी घर वापसी की सुविधा प्रदान करते हैं। दोनों देश नियमित रूप से मछुआरों को गिरफ्तार करते हैं, जो अक्सर अनजाने में सीमांकित समुद्री सीमाओं को पार कर जाते हैं।