By: Monu Kumar
अमेरिका के कई इलाकों में ठंड का कहर है। बुधवार को उत्तरी कैरोलिना और वर्जीनिया के कुछ हिस्सों में तूफान आया, जिसकी वजह से भारी बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते सड़कों पर सैंकड़ों दुर्घटनाएं रिपोर्ट हुईं।
अमेरिका के राष्ट्रीय मौसम सेवा विभाग ने आशंका जताई है कि गुरुवार को वर्जीनिया से अटलांटिक तट तक 25 सेंटीमीटर तक बर्फबारी होने की आशंका है।
वर्जीनिया स्टेट पुलिस ने बताया कि बुधवार दोपहर तक 275 दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें कम से कम दो दर्जन लोग घायल हुए हैं। दुर्घटनाओं के चलते उत्तरी कैरोलिना में भी कुछ हिस्से बंद कर दिए गए हैं। फ्लाइट-ट्रैकिंग साइट फ्लाइटअवेयर डॉट कॉम के अनुसार, पूरे अमेरिका में लगभग 5,600 उड़ानें रद्द या उनमें देरी हुई। इनमें उत्तरी कैरोलिना के चार्लोट डगलस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 400 से अधिक उड़ानें शामिल हैं।
अमेरिका के टेनेसी और ओहायो में पहले से ही ठंड का कहर जारी है। गौरतलब है कि टेनेसी और ओहायो पहले ही बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं, अब ठंड ने लोगों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया है।
अधिकारियों ने हालात को देखते हुए लोगों को घरों के भीतर ही रहने की सलाह दी है।