म्यांमार: इंडोनेशिया के 84 नागरिक रिहा

By: Aanya


म्यांमार में धोखाधड़ी से जुड़े 84 इंडोनेशियाई नागरिकों को रिहा किया गया है। 

बता दें म्यांमार में इन धोखाधड़ी सेंटर्स के खिलाफ सरकार ने अभियान चलाया हुआ है, जहां से पकड़े गए लोगों को उनके देश भेजा जा रहा है। म्यांमार की सरकार ने इस अभियान में करीब 7000 लोगों को पकड़ा है, जो थाईलैंड, म्यांमार और चीन के लोगों द्वारा चलाए जा रहे धोखाधड़ी केंद्रों से जुड़े थे। इंडोनेशिया के लोगों को दो बसों में बिठाकर गुरुवार को थाईलैंड के शहर माए सोत ले जाया गया, जहां उनके स्वास्थ्य की जांच और पहचान की जांच की गई। 

बता दें कि विभिन्न तरह के लालच देकर हजारों लोगों को म्यांमार में काम के लिए लाया जाता है, जहां उन्हें विभिन्न तरह की धोखाधड़ी के काम में लगा दिया जाता है। कई लोगों को गलत दावे कर म्यांमार लाया जाता है और यहां उनका शोषण किया जाता है। रिहा किए गए 84 इंडोनेशियाई नागरिकों में 69 पुरुष और 15 महिलाएं हैं। आज ये एक विशेष उड़ान से इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचेंगे।

इंडोनेशिया की सरकार का कहना है कि उनके करीब 270 नागरिक म्यांमार की धोखाधड़ी इंडस्ट्री में फंसे हैं। बीते हफ्ते 600 से ज्यादा चीनी नागरिकों को भी वापस भेजा गया था।