पेपर लीक को लेकर भाजपा ने उठाए सवाल

By - Monu Kumar

  • कर्नाटक में कथित पुलिस भर्ती घोटाले और झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा के मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा
कर्नाटक में पेपर लीक के मुद्दे पर भाजपा ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को भाजपा नेता संबित पात्रा ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर सदन नहीं चलने देने का भी आरोप लगाया।

संबित पात्रा ने कहा कि विपक्ष द्वारा संसद के मानसून सत्र को बाधित किया जा रहा है। संसद के एक सत्र पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। लेकिन जब से मानसून सत्र शुरू हुआ है, प्रश्नकाल नहीं हो रहा है और किसी विधेयक पर चर्चा नहीं हुई। मुझे तो कांग्रेस और उनके सहयोगियों के दोहरे चरित्र पर हैरानी होती है। 

कर्नाटक में जो पुलिस कांस्टेबल भर्ती घोटाला हुआ और उसमें जो अनियमितताएं हुईं। इस पर जब प्रियांक खरगे से सवाल किया गया तो उन्होंने बड़े अहंकार से कहा कि 'पहले छात्रों को 25 दिन भूख हड़ताल करने दो फिर हम लाठीचार्ज कराएंगे। उसके बाद ही मैं अपने इस्तीफे पर विचार करूंगा।'

पात्रा ने आगे कहा, मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि वे शायद आज भी संसद चलने नहीं देंगे। कांग्रेस के दोहरे मानक हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा में खड़े होकर घंटो भाषण दिया। अच्छी बात है। कम से कम चर्चा तो हुई। मगर उसी विषय पर जब उनके सुपुत्र कर्नाटक में इस प्रकार का बयान देते हैं, जो कि असंवेदनशील, अमानवीय है,  तो उस पर मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी चुप हो जाते हैं।

पात्रा ने आगे कहा, आप देखिए झारखंड में प्रत्येक दिन सोशल मीडिया के माध्यम से हजारों लाखों छात्र किस प्रकार से आंदोलन कर रहे हैं। यह हम देख रहे हैं। 

कांग्रेस पार्टी एक शब्द झारखंड में आंदोलन में बैठे छात्रों के पक्ष में बोलती नजर नहीं आ रही है। संसद में उस विषय को उठाती नजर नहीं आ रही है।

पात्रा ने झारखंड लोक सेवा परीक्षा (जेपीएससी) की परीक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पूछा, क्या आपने किसी कांग्रेस सांसद के हाथ में एक भी तख्ती जेपीएससी परीक्षा को लेकर देखी। किसी ने नहीं देखी, क्योंकि यह सुविधाजनक आक्रोश है। इसके पीछे कांग्रेस की राजनीतिक रोटी सेकने की चेष्टा है।